महाराष्ट्र: दो ऑटोरिक्शा चालकों ने महिला यात्री को अगवा कर बलात्कार का प्रयास किया, गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 09, 2023

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला यात्री को अगवा करके उससे बलात्कार का प्रयास करने और फिर पुलिस के पीछा करने पर पीड़िता को वाहन से धक्का देने के आरोप में दो ऑटोरिक्शा चालकों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि घटना शुक्रवार रात 10 बजकर 45 मिनट पर जिले के डोंबिवली में मंपदा थानांतर्गत हुई। वरिष्ठ निरीक्षक सुरेश मदाने ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “खिड़काली में एक मंदिर में पूजा करने के बाद महिला ऑटोरिक्शा से कोलेगांव नाका जाने लगी। जब वह ऑटोरिक्शा में बैठी तो उसमें पहले से ही एक व्यक्ति और एक वाहन चालक भी मौजूद था।

 महिला जहां उतरना चाहती थी, वहां चालक ने ऑटोरिक्शा की गति बढ़ा दी और आगे बढ़ गया, जबकि वाहन में बैठे दूसरे व्यक्ति ने पेचकस निकाल लिया।” उन्होंने कहा, “वाहन चालक प्रभाकर पाटिल (22) और उसके सहयोगी वैभव तारे (19) ने महिला को कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया और वे उससे बलात्कार करने ही वाले थे कि गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों अतुल भोईये और सुधीर हसे ने उसकी चीखें सुन लीं।” उन्होंने बताया कि हसे और भोईये ने ऑटोरिक्शा का पीछा किया, जिसके बाद आरोपी पाटिल और तारे ने भागते समय महिला को वाहन से धक्का दे दिया, जिसके चलते वह घायल हो गई। उन्होंने बताया कि महिला का इलाज किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि, हसे और भोईये ने कुछ दूरी पर उन दोनों को पकड़ लिया। उनमें से एक ने पुलिसकर्मियों पर पेचकस से हमला किया। हमारी जांच में पता चला कि तारे एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मुंब्रा थाने में मामले दर्ज हैं।’’ मदाने ने बताया कि पाटिल और तारे के खिलाफ अपहरण, आपराधिक धमकी, एक महिला पर हमला कर उसे निर्वस्त्र करने, यौन उत्पीड़न और अन्य अपराधों के लिए भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रमुख खबरें

2024 TVS Apache RR310: भारत में लॉन्‍च हुई टीवीएस की ये शानदार बाइक, कीमत 2.75 लाख रुपये से शुरू

Delhi के बाद Kerala में भी मिला Monkeypox का केस, UAE से केरल लौटा शख्स पाया गया पॉजिटिव

Canada की संसद में खड़े होकर हिंदू नेता ने कह दिया कुछ ऐसा, बांग्लादेश के उड़ जाएंगे होश

IND vs BAN 1st Test Live Streaming: भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट कहां और कब देखें? जानें लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी जानकारी