Prabhasakshi NewsRoom: BJP President बनाये जाने की अटकलों के बीच Devendra Fadnavis ने की Mohan Bhagwat से घंटे भर की मुलाकात

By नीरज कुमार दुबे | Jul 06, 2024

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि फडणवीस शाम को मुंबई से नागपुर पहुंचे और सीधा आरएसएस मुख्यालय गए जहां उन्होंने लगभग एक घंटे तक भागवत से मुलाकात की। हालांकि फडणवीस और भागवत के बीच बैठक में क्या बातचीत हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है लेकिन यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना है। देवेंद्र फडणवीस हालांकि अभी महाराष्ट्र में ही काम करना चाहते हैं लेकिन भाजपा अध्यक्ष पद के लिए उनका नाम भी चल रहा है। हम आपको याद दिला दें कि जब लालकृष्ण आडवाणी को जिन्ना विवाद के चलते भाजपा अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा था तब आरएसएस ने पार्टी को संभालने के लिए नागपुर से नितिन गडकरी को भेजा था। इस बार के लोकसभा चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा इसलिए माना जा रहा है कि भाजपा के नये अध्यक्ष का नाम नागपुर से ही आयेगा। उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का विस्तारित कार्यकाल 30 जून 2024 को समाप्त हो चुका है।


हम आपको यह भी बता दें कि देवेंद्र फडणवीस की संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात अगले सप्ताह झारखंड की राजधानी रांची में होने वाली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी प्रांत प्रचारकों की वार्षिक बैठक से ठीक पहले हुई है। लोकसभा चुनावों के बाद पहली बार हो रही संघ के प्रांत प्रचारकों की बैठक में कई अहम निर्णय लिये जायेंगे। साथ ही इस बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) से संबंधित कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होगी। हम आपको याद दिला दें कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में सत्तारुढ़ गठबंधन का प्रदर्शन खराब रहने की जिम्मेदारी लेते हुए फडणवीस ने अपने इस्तीफे की पेशकश की थी तो उसे सबसे पहले आरएसएस ने ही ठुकराया था। फडणवीस के इस्तीफे की पेशकश के बाद संघ के सह-सरकार्यवाह अतुल लिमये उनके आवास पर पहुँचे थे और उन्हें काम करते रहने के लिए कहा था।

इसे भी पढ़ें: संघ के प्रांत प्रचारकों की वार्षिक बैठक 12 जुलाई से रांची में, भागवत होंगे शामिल

वैसे तो फडणवीस और भागवत की मुलाकात पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन बताया जा रहा है कि इस दौरान महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान संघ और भाजपा के बीच बेहतर सामंजस्य बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। दरअसल लोकसभा चुनावों के दौरान इस बात की शिकायतें आई थीं कि भाजपा नेताओं ने संघ की बात नहीं सुनी इसलिए चुनावी प्रदर्शन पर विपरीत असर पड़ा। इसी को देखते हुए संघ और भाजपा के बीच बेहतर तालमेल बनाये रखने पर जोर दिया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल विस्तार और गठबंधन में अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को बनाये रखने या उसे बाहर करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हम आपको याद दिला दें कि लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद संघ के मुखपत्र माने जाने वाले ऑर्गेनाइजर में एक लेख में भाजपा के उस फैसले पर सवाल उठाया गया था जिसके तहत अजित पवार को महाराष्ट्र में सत्तारुढ़ गठबंधन में शामिल किया गया था। हाल ही में कई भाजपा नेताओं के भी ऐसे बयान आये हैं जिसमें उन्होंने एनसीपी को एनडीए से बाहर करने की मांग की है।


हम आपको यह भी बता दें कि कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र विधान भवन में शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस की अचानक से लिफ्ट में मुलाकात हो गयी थी। यह मुलाकात संयोगवश हुई थी या इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण था, इसको लेकर काफी चर्चाएं हुई थीं। दरअसल हालिया लोकसभा चुनावों में उद्धव ठाकरे की पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा है इसलिए तमाम तरह की अटकलें चल रही हैं। चर्चाएं हैं कि यदि महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के समय एमवीए के घटकों के बीच सीटों का बंटवारा सही से नहीं हुआ तो उद्धव ठाकरे गठबंधन से बाहर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रमों से जुड़े मुद्दों पर भी भागवत और फडणवीस के बीच चर्चा हुई होगी।

प्रमुख खबरें

2024 TVS Apache RR310: भारत में लॉन्‍च हुई टीवीएस की ये शानदार बाइक, कीमत 2.75 लाख रुपये से शुरू

Delhi के बाद Kerala में भी मिला Monkeypox का केस, UAE से केरल लौटा शख्स पाया गया पॉजिटिव

Canada की संसद में खड़े होकर हिंदू नेता ने कह दिया कुछ ऐसा, बांग्लादेश के उड़ जाएंगे होश

IND vs BAN 1st Test Live Streaming: भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट कहां और कब देखें? जानें लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी जानकारी