Haryana Elections 2024 । नहीं चलेगा कांग्रेस का झूठ, मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने भाजपा के भारी मतों से जीतने का किया दावा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 22, 2024

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोग हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस द्वारा किए गए बड़े-बड़े वादों के हश्र से वाकिफ हैं, लेकिन उनके राज्य में पार्टी का “झूठ” नहीं चलेगा। सैनी ने भरोसा जताया कि हरियाणा में पांच अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में जारी विकास कार्यों में तेजी लाएगी।


कैथल जिले के सीवन में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में सैनी ने कहा, “जैसा कि आप देख सकते हैं, लोगों में जबरदस्त उत्साह है। भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी, वो भी पूर्ण बहुमत के साथ।” मुख्यमंत्री ने शनिवार को गुहला क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कुलवंत बाजीगर के पक्ष में आयोजित रैली को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना के लोगों से किए गए बड़े-बड़े वादों के बारे में हर कोई जानता है।


सैनी ने आरोप लगाया, “सत्ता हथियाने के लिए झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करना उनके लिए कोई नयी बात नहीं है।” उन्होंने कहा, “पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश का ही उदाहरण ले लीजिए। युवाओं को सालाना एक लाख नौकरियां, महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये और हिमाचल में मुफ्त बिजली देने के कांग्रेस के वादे का क्या हुआ? क्या उन्होंने इन वादों को पूरा किया।”

 

इसे भी पढ़ें: Tirupati Laddu Controversy । जगन मोहन रेड्डी ने PM Modi से नायडू को फटकार लगाने की मांग की, जाने क्यों?


सैनी ने कहा, “हरियाणा के लोग कांग्रेस के झूठे वादों का हश्र जानते हैं। उनका झूठ यहां नहीं चलेगा।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के “झूठे” वादों के विपरीत भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है। हरियाणा में कांग्रेस ने सत्ता में आने पर 18 से 60 साल की महिलाओं को प्रति माह 2,000 रुपये की आर्थिक मदद देने और 500 रुपये में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने का वादा किया है। वहीं, भाजपा के चुनावी वादों में महिलाओं के लिए हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता, युवाओं के लिए दो लाख सरकारी नौकरियां और राज्य के अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी की गारंटी शामिल है।


कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि हरियाणा चुनाव में उनकी पार्टी और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई देखने को मिलेगी, सैनी ने कहा, “वे चाहे जो भी कहें, भाजपा भारी अंतर से जीत करने जा रही है।” उन्होंने कहा, “पहले मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान भी कांग्रेस के लोग कहते थे कि कांटे की टक्कर है। उन्हें (कांग्रेस को) वहां कितनी सीटें मिलीं? हरियाणा के नतीजे उन्हें फिर चौंका देंगे और भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी।”


सैनी ने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने समान विकास सुनिश्चित किया है और वह सत्ता में लौटने पर विकास की गति तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कई फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पारदर्शी प्रशासन दिया है और योग्यता के आधार पर भर्तियां की हैं। करनाल के विधायक सैनी को भाजपा ने इस बार कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से मैदन में उतारा है। वह 2019 से 2024 के बीच कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रह चुके हैं। मार्च 2024 में भाजपा ने मनोहर लाल की जगह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया था। मनोहर लाल अब केंद्रीय मंत्री हैं।

 

इसे भी पढ़ें: Jammu Kashmir Elections 2024 । पाकिस्तान के किस प्रमाणपत्र का जिक्र कर JP Nadda ने कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस को घेरा?


लाडवा में कुल 16 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। क्षेत्र में सैनी और वर्तमान विधायक एवं कांग्रेस उम्मीदवार मेवा सिंह के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। सिंह ने दावा किया है कि लोगों ने भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले 25 वर्षों से लाडवा की सेवा कर रहा हूं। वह (सैनी) पांच साल तक सांसद थे, उन्होंने लाडवा के लिए क्या किया। वह एक भी ऐसा काम नहीं गिना सकते, जो उन्होंने सांसद रहते हुए लाडवा के लिए किया।”


लाडवा में पिछले तीन चुनावों में एक-एक बार इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी), भाजपा और कांग्रेस की जीत हुई है। लाडवा में दुकान चलाने वाले प्रेम चंद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि क्षेत्र में खेती-किसानी के अलावा, कई लोगों के पास सरकारी नौकरी है। वह कहते हैं, “पिछले दस वर्षों के दौरान जिन लोगों को नौकरी मिली, उनमें से कई पिछड़े समुदायों से थे।” हालांकि, प्रेम चंद का मानना ​​है कि बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए और अधिक प्रयास किेए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “सीवर प्रणाली में भी काफी सुधार की जरूरत है।”


यह पूछे जाने पर कि वह मुख्यमंत्री सैनी के पहली बार लाडवा से चुनाव मैदान में उतरने के बाद मुकाबले को किस रूप में देखते हैं, प्रेम चंद ने कहा, “मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र से सांसद रह चुके हैं, ऐसे में लाडवा विधानसभा क्षेत्र पहले उनके संसदीय क्षेत्र का हिस्सा रह चुका है।” प्रेम चंद ने दावा किया, “इसके अलावा, लाडवा में सैनी “समाज” एक बड़ा वोट बैंक है। आम तौर पर इस समुदाय के लोग एकजुट होकर वोट करते हैं।”


लाडवा के एक ऑटोरिक्शा स्टैंड पर इस बात पर गहन चर्चा हो रही है कि आने वाले दिनों में चुनाव क्या रूप अख्तियार करेगा। कुछ लोगों का मानना ​​है कि लाडवा और राज्य के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। हालांकि, ऑटोरिक्शा चालक जय भगवान के मुताबिक, “चुनाव आते-जाते हैं। हमें खाने के लिए रोज कमाना पड़ता है... एक ऑटोरिक्शा चालक होने के नाते मैं कहूंगा कि अगर लाडवा बाइपास सड़क बन जाती है, तो इससे यातायात जाम से राहत मिलेगी।” हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती आठ अक्टूबर को की जाएगी।

प्रमुख खबरें

हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ऋण लेती है, सोनिया गांधी को दे देती है : Kangana Ranaut

यूक्रेन के खारकीव में रिहायशी इलाकों पर रूस के हमले में 20 से अधिक लोग घायल

बाल ‘पोर्नोग्राफी‘ देखना अपराध नहीं? Supreme Court याचिका पर कल सुनाएगा फैसला

Hezbollah ने लिया Israel से बदला, दागे 100 से अधिक रॉकेट, युद्ध का खतरा बढ़ा