सर्दियों की छुट्टियां विदेश में मनाना पसंद करते हैं भारतीय

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 20, 2017

मुंबई। पिछले साल की तुलना में इस साल आने वाले सर्दियों के मौसम में विदेश यात्रा के लिए की गयी बुकिंग में 22 फीसदी वृद्धि देखी गई है। इस बात की जानकारी एक रपट में हुयी। परंपरागत रूप से भारतीय यात्रियों के लिए सर्दियों को बेहतर मौसम माना जाता है। यात्रा कंपनी कॉक्स एंड किंग्स के प्रमुख (रिलेशनशिप्स) करन आनंद ने कहा, "ज्यादा से ज्यादा भारतीय लोग इस मौसम में यात्रा करने की योजना बनाते हैं और खर्च करते हैं।

शीतकाल की बुकिंग में महत्वपूर्ण वृद्धि देखी गयी है। पिछले साल की तुलना में इस बार विदेश में छट्टियां मनाने (अंतर्राष्ट्रीय हॉली-डे) के लिए की गयी बुकिंग में 22 प्रतिशत वृद्धि हुयी है।" इसके साथ ही घरेलू स्थलों की बुकिंग में तेजी देखी गयी। घरेलू छुट्टियों के लिए बुकिंग लगभग 18 प्रतिशत बढ़ी हैं। कंपनी की रपट में कहा गया कि सर्दियों का मौसम अक्टूबर/नवंबर में दिवाली से शुरू होकर क्रिसमस और नये साल तक चलता है। इस समय यात्री अपनी रुचि के अनुसार स्थानों की खोज करते हैं और छुट्टियां मनाने की योजना बनाते हैं।" 

 

रपट के मुताबिक, सर्दियों में छट्टियां मनाने वाले स्थान के रूप में यूरोप को सबसे अधिक लोगों ने पसंद किया है। इसके बाद दुबई, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका लोगों की पसंदीदा जगह है। रपट का हवाला देते हुए आनंद ने कहा कि जिन देशों में पहुंचने पर वीजा की सुविधा है या जहां वीजा प्राप्त करने में कम समय लगता है उनकी मांग सप्ताहांत यात्राओं के लिए अच्छी है। इनमें दुबई, सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया, श्रीलंका और इंडोनेशिया शामिल है।घरेलू पर्यटक स्थलों में केरल, अंडमान, राजस्थान, गोवा और हिमाचल प्रदेश आगे हैं।