किम जोंग उन ने अपने सैनिकों से द. कोरिया को शत्रु राष्ट्र के रूप में देखने को कहा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 18, 2024

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपने सैनिकों से कहा कि वे दक्षिण कोरिया को एक शत्रु राष्ट्र के रूप में मानें और उन्होंने जोर दिया कि अगर दक्षिण कोरिया उनकी संप्रभुता का उल्लंघन करता है तो प्रतिद्वंद्वी पर हमला करने में भी संकोच नहीं किया जाएगा। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सेना मुख्यालय में किम ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब इस सप्ताह उत्तर कोरिया ने पुष्टि की कि उसने दक्षिण कोरिया को एक ‘‘शत्रु राष्ट्र’’ के रूप में परिभाषित करने के लिए अपने संविधान में संशोधन किया है और उन सड़क एवं रेल संपर्क सुविधाओं को ध्वस्त कर दिया जो किसी समय दोनों देशों को जोड़ती थीं।

ये कदम किम के उस आह्वान के अनुरूप हैं जिसमें उन्होंने उत्तर कोरिया से दक्षिण कोरिया के साथ मेल-मिलाप के दीर्घकालिक संबंध को त्यागने पर जोर दिया था। विश्लेषकों का मानना ​​है कि उत्तर कोरिया के इस कदम से प्रतिद्वंद्वियों के बीच इन तनावपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्रों में संभावित झड़पों का खतरा बढ़ रहा है, हालांकि उत्तर कोरिया के लिए अमेरिकी और दक्षिण कोरिया की मजबूत सेनाओं के सामने बड़े पैमाने पर हमले के बारे में सोचना काफी हद तक संभव नहीं है।

उत्तर कोरियाई पीपुल्स आर्मी की द्वितीय कोर के मुख्यालय में बृहस्पतिवार को अपने दौरे के दौरान किम ने सैनिकों से कहा कि वे दक्षिण कोरिया के विरुद्ध आक्रामक तरीके से बल प्रयोग को ‘‘देशवासियों के खिलाफ नहीं बल्कि शत्रु देश के खिलाफ वैध जवाबी कार्रवाई के रूप में देखें।’

उत्तर कोरिया की आधिकारिक ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ के अनुसार, उन्होंने कहा कि अगर दक्षिण कोरिया उत्तर कोरिया की संप्रभुता का उल्लंघन करता है, तो उनके सैनिक उसके विरुद्ध बल का प्रयोग करने में संकोच नहीं करेंगे। दक्षिण कोरिया ने किम की टिप्पणी पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं की। उत्तर कोरिया हाल में अपने प्रतिद्वंद्वी दक्षिण कोरिया के खिलाफ लगातार भड़काऊ धमकियां दे रहा है।

प्रमुख खबरें

आतिशी को फ्लैगस्टाफ रोड बंगले का कब्जा मिलना अब भी बाकी: मुख्यमंत्री कार्यालय

मणिपुर: तीन उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार जब्त

अपहरण मामला : न्यायालय का भवानी रेवन्ना को दी गई अग्रिम जमानत रद्द करने से इनकार

दिल्ली के शाहदरा में घर में आग लगने से दो लोगों की मौत, दो बच्चों को बचाया गया