By अनुराग गुप्ता | Jun 01, 2022
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली हार की भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हम अथक प्रयास के बावजूद हार गए लेकिन यह उम्मीद खोने का समय नहीं है। दरअसल, प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ में नवसंकल्प वर्कशॉप में हिस्सा लिया।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पूरे देश ने देखा कि कैसे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता लड़े। उदयपुर शिविर में कई लोगों ने मुझे बताया कि वे उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संघर्ष से प्रेरित हैं। हालांकि यह सच है कि अथक प्रयास के बावजूद हम हार गए। उन्होंने कहा कि आपने जो मेहनत की पूरे देश ने देखा। जी जान से लड़ने के बावजूद हम बुरी तरह हारे, इस सच्चाई से पीछे नहीं हटना है, लेकिन ये मायूस होने का समय नहीं है। जिसको निराश होना था वे चले गए और जो यहां बैठे हैं वे लड़ने वाले हैं।
इसी बीच उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश की नींव डाली। कांग्रेस गांव-गांव में मौजूद है और यह एकमात्र ऐसी पार्टी है जो भाजपा के सामने झुकेगी नहीं। उन्होंने कहा कि हम इस देश के नौजवान के लिए लड़ रहे हैं जिसे नौकरी तो नहीं दी जा रही है लेकिन धर्म और जाति के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। हम इस सच्चाई के लड़ रहे हैं कि देश में आज जो कुछ भी हो रहा है, वो देश को आगे नहीं, कोसों पीछे ले जा रहा है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' कैंपेन की शुरुआत की थी। इसके अलावा उन्होंने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को दिया था। इसके बावजूद कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई थी और पार्टी को महज 2 सीटें जीतने में कामयाब हुई।