By अंकित सिंह | Oct 07, 2024
समाजवादी पार्टी (सपा) ने करहल विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। इस उपचुनाव में तेज प्रताप यादव सपा के उम्मीदवार होंगे। इसकी घोषणा सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने की। यह सीट पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के लोकसभा में चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से खाली हुई थी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद सपा को इन उपचुनावों में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
सोमवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने करहल में एक जनसभा के दौरान तेज प्रताप यादव की उम्मीदवारी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सैफई परिवार का कोई सदस्य करहल उपचुनाव लड़ेगा और सपा के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव होंगे। जिन 10 विधानसभा सीटों पर अब उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें से 5 पर 2022 के चुनाव में सपा ने जीत हासिल की थी. इन आगामी चुनावों को लेकर सपा काफी उत्साहित नजर आ रही है।
आपको बता दें कि यूपी में दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने हर सीट पर तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया है। इन उपचुनावों की तारीखों की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा के लिए बैठक की। बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, संगठन सचिव धर्मपाल सिंह और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।