राजस्थान के कोटा में खून से लथपथ महिला का शव मिला, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 05, 2024

कोटा। राजस्थान के कोटा में शुक्रवार सुबह एक खाली भूखंड पर 45 वर्षीय महिला का खून में लथपथ शव मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि महिला की पहचान रानी वाल्मिकी के रूप में हुई है, जो कुन्हाड़ी थानांतर्गत छोटी पुलिया के निकट बालिटा रोड पर रहती थी। पुलिस ने कहा कि महिला के पति की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी और वह अपने ‘सहजीवन साथी’ मुकेश के साथ रहती है, जो कूड़ा बीनने का काम करता है। 


महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने उसके सहजीवन साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, जो बृहस्पतिवार रात से फरार है। कुन्हाड़ी थाने के क्षेत्र निरीक्षक अरविंद भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे रजत नगर में एक खाली भूखंड से खून से सना महिला का शव बरामद किया गया, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बृहस्पतिवार देर रात महिला पर भारी पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। 


भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने महिला के ‘सहजीवन साथी’ मुकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 248 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव उसके परिजनों को सौंप दिया तथा आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

प्रमुख खबरें

Russia पहुंचते ही पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से की मुलाकात, युवाओं ने लगाए वंदे मातरम के नारे

Karnataka: निष्कासित नेता ईश्वरप्पा का दावा, मैं अभी भी बीजेपी के साथ, हिंदुत्व को न्याय दिलाने के लिए लड़ा था चुनाव

BMW Hit and Run Case : शिवसेना नेता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Arvind Kejriwal को वकीलों से एक्स्ट्रा मीटिंग की मिली इजाजत, HC ने तिहाड़ और ED को भेजा नोटिस