पुणे ने बेन स्टोक्स को 14 करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 20, 2017

बेंगलुरू। इंग्लैंड के आलराउंडर बेन स्टोक्स आईपीएल की खिलाड़ियों की नीलामी के पहले दौर में सबसे महंगे खिलाड़ी बने जब राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने उन्हें 14 करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदा। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी से हटाने वाली पुणे की टीम देर से बोली में शामिल हुई और 13 करोड़ रूपये से शुरूआत की। टीम ने अंतत: मुंबई इंडियन्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, रायल चैलेंजर्स बेंगलूर और सनराइजर्स हैदराबाद को पछाड़कर स्टोक्स को अपनी टीम के साथ जोड़ा। इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम में स्टोक्स के कप्तान इयोन मोर्गन को किंग्स इलेवन पंजाब ने उनकी आधार कीमत दो करोड़ रूपये में खरीदा। तेज गेंदबाजी आलराउंडर स्टोक्स को खरीदने के लिए पांच फ्रेंचाइजियों ने बोलियां लगाई। इंग्लैंड के नव नियुक्त टेस्ट उप कप्तान इस तरह 10वें टूर्नामेंट की नीलामी में पहले ‘मिलियन डालर’ खिलाड़ी बने। पुणे सुपरजाइंट्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने स्टोक्स पर बड़ा दांव लगाने के संदर्भ में कहा, ‘‘वह फार्म में चल रहा आलराउंडर है। इस अपने इस पक्ष को मजबूत करना चाहते थे। यह जुआ है, हमारे पास अच्छे युवा भारतीय खिलाड़ी हैं। हम युवाओं को बड़े खिलाड़ियों के साथ रखना चाहते थे और हम अच्छे की उम्मीद कर रहे हैं। यह जोखिम है लेकिन हम इसे लेने के लिए तैयार हैं।''

स्टोक्स के लिए शुरूआत में मुंबई, दिल्ली और आरसीबी ने बोली लगाई। बोली के 10 करोड़ 50 लाख रूपये तक पहुंचने पर मुंबई की टीम मैदान से हट गई। दिल्ली और बेंगलूर की टीम के बीच बोली जारी रही जिसके बाद सनराइजर्स की टीम इसमें शामिल हुई। लेकिन जब लग रहा था कि स्टोक्स 12 करोड़ 50 लाख रूपये में बिक जाएंगे तब पुणे की टीम मैदान में उतर गई। बायें हाथ के स्पिनर पवन नेगी के लिए आरसीबी ने एक करोड़ रूपये खर्च किए जबकि उनकी आधार कीमत 30 लाख रूपये थी। पिछले साल दिल्ली डेयरडेविल्स को आठ करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदकर सभी को हैरान कर दिया था। दिल्ली की टीम ने न्यूजीलैंड के आलराउंडर कोरी एंडरसन को एक करोड़ रूपये में खरीदा। भारत के पूर्व आलराउंडर इरफान पठान को हालांकि कोई खरीददार नहीं मिला। उनकी आधार कीमत 50 लाख रूपये थी।

प्रमुख खबरें

बिहार सरकार क्रिकेट स्टेडियम के विकास के लिए BCCI के साथ समझौता करेगी

एमएनएफ ने Lengpui airport को भारतीय वायुसेना को सौंपने की योजना का किया विरोध

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024 के लिए नितीश कुमार रेड्डी को मिल सकता है मौका, चयनकर्ता कर रहे हैं बड़ा प्लान

Kazan ने खींचा दुनिया का ध्यान, गंगा के तट पर बसा ये शहर भारत के लिए क्यों है खास?