महाराष्ट्र में निकाय चुनावों के लिए मतदान संपन्न

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 21, 2017

मुंबई। मुंबई और महाराष्ट्र के नौ अन्य शहरों में निकाय चुनावों के लिए आज मतदान चल रहा है। छोटे विधानसभा चुनाव कहलाने वाले इन निकाय चुनावों में राज्य के 1.94 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव में मतदाता 10 शहरों के नगर निगमों के लिए प्रतिनिधि चुनेंगे। आज ही 11 जिला परिषदों के भी चुनाव हो रहे हैं। 15 जिला परिषदों के पहले चरण के चुनाव 16 फरवरी को हुए थे।

 

चुनाव में मतदान के लिए आज सुबह एमएनएस अध्यक्ष राज ठाकरे अपने परिवार सहित पहुंचे। मतदान केंद्रों पर बॉलीवुड से जुड़े लोगों का भी पहुंचना जारी है। सुबह मतदान केंद्रों पर कम लोग दिखे लेकिन दिन चढ़ने के साथ पंक्तियां बढ़ रही हैं।

 

भाजपा और शिवसेना द्वारा एक-दूसरे पर कीचड़ उछाले जाने के कारण अंतिम चरण में प्रचार अभियान में तल्खी बनी रही। पिछले दो दशक में यह पहली बार है, जब ये दोनों दल निकाय चुनाव को अलग-अलग लड़ रहे हैं। कांग्रेस, राकांपा और मनसे भी चुनावी दौड़ में शामिल हैं।

 

भाजपा दुनिया के सबसे बड़े स्थानीय निकायों में से एक बीएमसी में सत्ता हासिल करने की कोशिश में है। बीएमसी का सालाना बजट 37,000 करोड़ रूपये से अधिक होता है। दस स्थानीय निकायों की 1268 सीटों के लिए 9208 प्रत्याशी मैदान में हैं, 11 जिला परिषदों के लिए 654 सीटों पर 2956 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं और 118 पंचायत समितियों की 1288 सीटों के लिए 5167 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। 15 जिला परिषदों और 165 पंचायत समितियों के लिए मतदान का पहला चरण 16 फरवरी को हुआ जहां 69 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतगणना 23 फरवरी को होगी।

 

नागपुर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत उन लोगों में से थे जिन्होंने सुबह सुबह मतदान किया। भागवत ने आरएसएस मुख्यालय के करीब स्थित भारत महिला विद्यालय में सुबह करीब साढ़े सात बजे मतदान किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महल स्थित टाउन हाल में नागपुर नगर निगम के लिए सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान के बाद गडकरी ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान मतदाताओं से जाति, धर्म आदि को दरकिनार कर योग्य प्रत्याशी का चयन करने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार मतदान का प्रतिशत 70 तक होगा। गडकरी ने 122 सदस्यीय एनएमसी में कम से कम 100 सीटें जीतने का भरोसा भी जताया। एनएमसी के लिए 821 प्रत्याशी मैदान में हैं।

 

 

प्रमुख खबरें

एमएनएफ ने Lengpui airport को भारतीय वायुसेना को सौंपने की योजना का किया विरोध

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024 के लिए नितीश कुमार रेड्डी को मिल सकता है मौका, चयनकर्ता कर रहे हैं बड़ा प्लान

Kazan ने खींचा दुनिया का ध्यान, गंगा के तट पर बसा ये शहर भारत के लिए क्यों है खास?

न्यायालय ने Byjus के खिलाफ दिवाला कार्यवाही रोकने वाले एनसीएलएटी के आदेश को किया खारिज