By अंकित सिंह | Nov 26, 2021
मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इन सबके बीच मुंबई पुलिस के सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त शमशेर खान पठान ने परमबीर सिंह को लेकर बड़ा दावा किया है। शमशेर खान पठान ने दावा किया कि परमबीर सिंह ने 26/11 आतंकी हमले के दोषी मोहम्मद अजमल कसाब से जब्त किए गए मोबाइल फोन को नष्ट कर दिया था। इसके साथ ही पठान ने मुंबई पुलिस आयुक्त को एक लिखित शिकायत दी है और पूरे मामले की जांच कराए जाने की मांग की है। पठान ने परमबीर सिंह के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है। हालांकि पठान ने मुंबई पुलिस को यह शिकायत करीब 4 महीने पहले की थी लेकिन जबरन वसूली मामले में परमबीर सिंह के मुंबई अपराध शाखा के समक्ष पेश होने के बीच यह चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
पठान ने आरोप लगाया कि आतंकवाद-निरोधक दस्ते के तत्कालीन डीआईजी परमबीर सिंह ने कांस्टेबल से मोबाइल फोन ले लिया था। उन्होंने शिकायत में दावा किया है कि फोन आतंकी हमले के जांच अधिकारी रमेश महाले को सौंपा जाना चाहिए था, लेकिन सिंह ने साक्ष्य के महत्वपूर्ण टुकड़े को नष्ट कर दिया। पूरे मामले पर परमबीर सिंह की टिप्पणी सामने नहीं आयी है। कसाब को 13 साल पहले मुंबई में कई जगहों पर हुए आतंकी हमले के दौरान जिंदा पकड़ा गया था। उच्चतम न्यायालय द्वारा उसकी मौत की सजा की सुनवाई और पुष्टि के बाद, उसे नवंबर 2012 में फांसी दे दी गई थी।