मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक का पता लगाने वाला श्वान दल का सदस्य ऑस्कर हुआ सेवानिवृत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 25, 2024

अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित आवास ‘एंटीलिया’ के पास एक कार में विस्फोटक की जांच में अहम भूमिका निभाने वाला पुलिस के श्वान दस्ते का सदस्य ऑस्कर अपने एक सहयोगी माइलो के साथ सेवानिवृत हो गया है।

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। दोनों ही श्वान 10 वर्षों तक पुलिस बल का हिस्सा थे और बुधवार को एक समारोह में उन्हें शानदार विदाई दी गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (संरक्षण एवं सुरक्षा) विनीता साहू सहित कई अधिकारी शामिल हुए।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ऑस्कर 2014 में मुंबई पुलिस के बम खोजी एवं निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) में शामिल हुआ था। ऑस्कर बीडीडीएस के 12 श्वानों में से एक था और इसके कार्यों में धमकी और बम की फर्जी सूचना पर कार्रवाई और वीआईपी सुरक्षा शामिल थी। ऑस्कर ने 25 फरवरी, 2021 को मालाबार हिल में मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास खड़ी कार में जिलेटिन की छड़ों का पता लगाया था। ’’

उन्होंने बताया कि माइलो ने वीआईपी सुरक्षा, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की जांच, बम की धमकी से जुड़े मामलों, संदिग्ध बैगों की जांच आदि जैसे कर्तव्य निभाए। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘उनकी सेवाओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए, हमने आश्रय गृह में वातानुकूलित की व्यवस्था की है, जहां दोनों श्वानों को रखा जाएगा तथा उनके परिवहन के लिए एक वातानुकूलित वाहन भी दिया है। हमने उनकी उत्कृष्ट सेवा को श्रद्धांजलि देने के लिए एक ‘वॉल ऑफ फेम’ भी बनाई है।

प्रमुख खबरें

केंद्र सरकार की योजना निफ्ट के परिसर विदेशों में खोलने की योजना है : Giriraj Singh

Mohan Yadav ने फ्रांस के महावाणिज्य दूत के साथ मध्यप्रदेश में व्यापार, पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा की

IND vs NZ: वॉशिंगटन का पुणे में कारनामा, 11 विकेट लेते ही स्पेशल क्लब में हुए शामिल

प्रियंका गांधी ने वायनाड के लोगों के लिए लिखी चिट्ठी, बोलीं- लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों के लिए लड़ना मेरे जीवन का केंद्र