इंफाल। मणिपुर के नोने जिले में खोउपुम ओल्ड गांव में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन नेशनलिस्ट सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-इसाक मुइवा और सैन्य बलों के बीच आज तड़के मुठभेड में एक उग्रवादी और एक नागरिक मारा गया। पुलिस ने बताया कि गोरखा रेजिमेंट के जवानों ने गांव में तड़के साढ़े तीन बजे तलाशी अभियान शुरू किया इसी दौरान एनएससीएन-आईएम उग्रवादियों के उन पर गोलियां चलाईं जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से 45 मिनट तक चली मुठभेड़ में एक उग्रवादी मारा गया।
उन्होंने बताया कि बुलेट के छर्रे लगने से 50 वर्षीय एंजिना रोंगमी की मौत हो गई। इससे पहले पुलिस ने कहा था कि मुठभेड तामलोंग जिले में हुई है। नोने जिला राज्य सरकार द्वारा बनाए गए सात नए जिलों में से एक है। तामलोंग जिले का विभाजन कर नोने जिला बनाया गया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी उग्रवादियों ने तामलोंग जिले में सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं थीं जिनमें दो जवान घायल हो गए थे।