मराठा आरक्षण हिंसा: शिंदे ने एडीजीपी को जालना में पुलिस लाठीचार्ज की जांच का आदेश दिया, एसपी छुट्टी पर भेजे गए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 03, 2023

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को घोषणा की कि जालना के पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी को अनिवार्य अवकाश पर भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मराठा आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस लाठीचार्ज की घटना के दो दिन बाद की। लाठीचार्ज के बाद वहां हिंसा भड़क गई थी। शिंदे ने कहा कि अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था (एडीजीपी) संजय सक्सेना लाठी चार्ज की घटना की जांच करेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराई जाएगी। राज्य की राजधानी मुंबई से करीब 450 किलोमीटर दूर बुलढाणा जिले में एक राजकीय समारोह में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने घोषणा की कि दो उपाधीक्षक रैंक के अधिकारियों का भी जालना से बाहर स्थानांतरण किया जा रहा है।

शुक्रवार को धुले-सोलापुर मार्ग पर अंतरवाली सराटी में पुलिस ने आरक्षण आंदोलन के तहत भूख हड़ताल पर बैठे एक व्यक्ति को कथित रूप से अस्पताल ले जाने से रोके जाने पर हिंसक भीड़ पर पर लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले दागे थे। हिंसा में 40 पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए थे और 15 से अधिक सरकारी बसें फूंक दी गई थीं। हिंसा के सिलसिले में करीब 360 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिंदे ने कहा, ‘‘एडीजीपी (कानून व्यवस्था) संजय सक्सेना लाठीचार्ज की घटना की जांच करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो न्यायिक जांच भी कराई जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’’ शिंदे ने पूर्व मुख्यमंत्रियों अशोक चव्हाण (कांग्रेस) और उद्धव ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने सवाल किया, ‘‘चव्हाण मराठा आरक्षण पर बनी उप-समिति के ढाई साल तक अध्यक्ष थे, उस दौरान उन्होंने वास्तव में क्या किया?’’

शिंदे ने ठाकरे का नाम लिए बिना कहा कि नवंबर 2019 से जून 2022 तक कौन मुख्यमंत्री था। उन्होंने कहा कि जिसने मराठा मोर्चा का मखौल उड़ाया, अब हमसे (शिवसेना-भाजपा सरकार) से सवाल कर रहा है। शिंदे ने कहा कि मराठा आरक्षण के लिए अंतरवाली सराटी गांव में भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जरांदे-पाटिल के साथ बातचीत की गई और उनसे अनशन वापस लेने की अपील की गई है।

प्रमुख खबरें

Women Health Care: कितने महीनों तक बच्चे के लिए ब्रेस्टफीडिंग है जरूरी, जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट

Kejriwal के इस्तीफे से पहले LG करेंगे बड़ा गेम! दिल्ली में लगेगा राष्ट्रपति शासन?

Delhi का अगला सीएम कौन? वरिष्ठ नेताओं के साथ केजरीवाल की वन-टू-वन चर्चा, कल विधायक दल की बैठक

कोलकाता: CM ममता बनर्जी और डॉक्टरों के बीच बैठक, क्या है पंचसूत्रीय मांग