मार्ग में परिवर्तन के लिए ‘Bharat Jodo Nyaya Yatra’ के खिलाफ असम के जोरहाट शहर में प्राथमिकी दर्ज : पुलिस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 19, 2024

असम के जोरहाट शहर के अंदर अनुमत मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से जाने के आरोप में भारत जोड़ो न्याय यात्रा और इसके मुख्य आयोजक के बी बायजू के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रा को के बी रोड की ओर से जाने की अनुमति थी। उन्होंने बताया कि इसके बजाये यह शहर में एक अन्य मार्ग से चली गयी जिससे क्षेत्र में अराजक स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने कहा, अचानक भीड़ के कारण कुछ लोग गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए यात्रा और उसके मुख्य आयोजक के खिलाफ जोरहाट सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी के अनुसार, प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि यात्रा ने जिला प्रशासन के नियमों का पालन नहीं किया और इसने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया।

संपर्क करने पर विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया ने पीटीआई-से कहा कि प्राथमिकी यात्रा के समक्ष अनावश्यक बाधा पैदा करने की एक चाल है। उन्होंने कहा, “ पीडब्ल्यूडी प्वाइंट पर यातायात मार्ग परिवर्तन के लिए पुलिस तैनात नहीं थी।

निर्धारित मार्ग बहुत छोटा था और हमारे साथ बहुत भीड़ थी। इसलिए, हमने बस को कुछ मीटर के लिए दूसरे रास्ते पर ले लिया। यात्रा को (असम में) पहले दिन मिली सफलता से हिमंत विश्व शर्मा डर गए हैं और अब इसे पटरी से उतारना चाहते हैं।”

यात्रा का असम चरण 25 जनवरी तक जारी रहेगा। यह यात्रा 17 जिलों में 833 किमी का सफर तय करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

प्रमुख खबरें

30 सांसदों ने कर दी ट्रूडो को हटाने की डिमांड, 70% आबादी भारत से रिश्ते बिगाड़ने का मान रही आरोपी, 24 घंटे में ही पूरा हो गया बदला

दिवाली से पहले Philips के इस एयर प्यूरीफायर को ला सकते हैं घर, Smog से मिलेगी राहत

Vivo की नई V50 सीरीज जल्द होगी लॉन्च, जानें स्पेसिफिकेशन से जुड़ी पूरी जानकारी

Satyendar Jain को बेल देते हुए कोर्ट ने लगाई कौन सी 3 शर्तें, जमानत मिलने पर कहा- सत्यमेव जयते