By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 11, 2024
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और नगर निगम पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू बुधवार को यहां भाजपा में शामिल हो गए। यह घटनाक्रम चंडीगढ़ महापौर चुनाव से पहले सामने आया है।
वार्ड नंबर 31 से पार्षद बिल्लू और उनके समर्थक पार्टी सांसद किरण खेर तथा चंडीगढ़ इकाई के प्रमुख जितेंद्रपाल मल्होत्रा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। बिल्लू के भाजपा में शामिल होने के साथ ही 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में पार्टी के पार्षदों की संख्या 15 हो गई है।
इसके अलावा पदेन सदस्य के नाते सांसद के पास मतदान का अधिकार है। सदन में अब ‘आप’ के 12, कांग्रेस के सात जबकि शिरोमणि अकाली दल का एक पार्षद है। महापौर, वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पद के लिए मतदान 18 जनवरी को होगा।