By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 07, 2024
असम में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रविवार को पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी। हालांकि, शर्मा ने यह नहीं बताया कि विदेशी नागरिक ने किस स्थान या क्षेत्र से भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ सीमा पर सतर्कता बरतते हुए, आज असम पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अवैध रूप से प्रवेश करने वाले एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पकड़े गए व्यक्ति का नाम मोहम्मद नाहिद हुसैन है, जो मदिरीपुर, ढाका का रहने वाला है। अब तक अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले 108 से अधिक बांग्लादेशियों को गिरफ़्तार किया जा चुका है।
पुलिस की टीम ने बढ़िया काम किया! ’’ असम के करीमगंज, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.50 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं।