रात को गाँव में रुकेंगे योगी, एसी-कूलर नहीं, दलित के घर करेंगे भोजन

By नीरज कुमार दुबे | Apr 26, 2018

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात अमरोहा के दलित बहुल गांव मेहंदीपुर में गुजारेंगे। 'एक दिन गांव के लिए' अभियान के तहत योगी गांव वालों के बीच बैठकर उनका दर्द और समस्याएं जानेंगे और अपनी सरकार का पक्ष रखेंगे। उनके इस दौरे को लेकर तैयारी कर रहे अधिकारियों को साफ निर्देश दिये गये हैं कि जब मुख्यमंत्री आम जनता से मिल रहे हों तो किसी को अपनी बात रखने से रोका नहीं जाये। मुख्यमंत्री इस दौरान साधारण तरीके से गांव में रहेंगे।

 

मुख्यमंत्री के लिए एसी, कूलर या मच्छरदानी का इंतजाम नहीं करने के निर्देश हैं। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि जब वह ग्रामीणों के बीच रहें तो लोगों को यह लगे कि उनके बीच का ही कोई व्यक्ति उनके साथ बैठा है। मुख्यमंत्री के सोने के लिए एक तख्त का इंतजाम किया गया है। माना जा रहा है कि यह सारी कवायद दलितों को लुभाने के लिए है। मुख्यमंत्री शाम छह बजे इस इलाके में पहुँचेंगे और चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

 

रात को मुख्यमंत्री का भोजन दलित प्रधान प्रियंका देवी के घर पर होगा। प्रधान को बुधवार को अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री उनके घर भोजन करेंगे और भोजन बनाने में सरकारी खानसामा भी मदद करेगा। अपने घर मुख्यमंत्री के भोजन पर आने की बात सुन कर प्रियंका देवी खुश हैं और बताती हैं कि मुख्यमंत्री साधारण भोजन करेंगे। ''हम उनके लिए मसूर की दाल, लौकी और परमल की सब्जी बना रहे हैं।'' राज्य सरकार के खेल मंत्री चेतन चौहान ने मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को संबंधित निर्देश दिये।

 

प्रमुख खबरें

इजराइल ने अपना हिसाब चुकता कर लिया, लेकिन युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है: प्रधानमंत्री नेतन्याहू

अमेरिका: बाइडन और हैरिस ने सिनवार की मौत को गाजा में युद्ध समाप्ति के लिए मौका बताया

एलडीएफ ने वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वरिष्ठ भाकपा नेता मोकेरी को मैदान में उतारा

राजग राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने, गरीबों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी