चंडीगढ़ महापौर चुनाव मामले में उच्चतम न्यायालय का फैसला लोकतंत्र की बड़ी जीत : AAP

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 20, 2024

नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ी जीत है। इसके साथ ही पार्टी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं को चुनाव के दौरान बेईमानी के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को चंडीगढ़ महापौर चुनाव के परिणाम को पलटते हुए आप-कांग्रेस गठबंधन के पराजित उम्मीदवार कुलदीप कुमार को शहर का नया महापौर घोषित किया। 


आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि न्यायालय के आदेश ने भाजपा को बेनकाब कर दिया है और उसे आईना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के नेताओं में थोड़ी भी शर्म बची है तो उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, यह गंभीर चिंता का विषय है कि अगर भाजपा और उसकी केंद्र सरकार इतने छोटे चुनाव में खुलेआम बेईमानी कर सकती है, तो वे अन्य चुनावों में क्या करेंगे, जहां कोई माइक्रोफोन और सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। 


पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सर्वोच्च अदालत की सराहना करते हुए कहा कि उसने इस कठिन समय में लोकतंत्र को बचाया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय का फैसला विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए बहुत बड़ी जीत है। भाजपा ने 30 जनवरी को चंडीगढ़ महापौर चुनाव में कांग्रेस-आप गठबंधन के खिलाफ जीत हासिल की थी। महापौर पद के लिए भाजपा के मनोज सोनकर ने आप के कुलदीप कुमार को हराया था। सोनकर को अपने प्रतिद्वंद्वी के 12 मतों के मुकाबले 16 मत मिले थे। सोनकर ने रविवार को महापौर पद से इस्तीफा दे दिया था।

प्रमुख खबरें

पंजाब: मुख्यमंत्री मान के हस्तक्षेप के बाद चावल मिल मालिकों ने हड़ताल खत्म की

सीबीआई ने नीट-यूजी परीक्षा के पेपर लीक मामले में तीसरा आरोप पत्र दाखिल किया

‘एक देश, एक चुनाव’ संविधान और संघवाद के खिलाफ नहीं है: रामनाथ कोविंद

बिहार में रिश्वत लेते हुए पकड़े गये सात पुलिस कर्मी निलंबित