मोदी का मर्डेका पैलेस में भव्य स्वागत, इंडोनेशियाई राष्ट्रपति से हुई वार्ता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 30, 2018

जकार्ता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो से जकार्ता स्थित मर्डेका पैलेस में आज मुलाकात की और अनौपचारिक बातचीत की। अब दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। इंडोनेशिया की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर प्रधानमंत्री मोदी बीती रात यहां पहुंचे। मर्डेका पैलेस में प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। मर्डेका पैलेस इंडोनेशिया में राष्ट्रपति के निवास स्थानों में से एक है। राष्ट्रपति विदोदो ने पैलेस में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इसके बाद उनके बीच अनौपचारिक बातचीत हुई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ''ऐसे रिश्ते जो गर्माहट और अपनत्व का भाव उत्पन्न करते हैं। राष्ट्रपति जोको विदोदो से वार्ता से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इस्ताना मर्डेका पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ और उनके सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।’’ मोदी और विदोदो समुद्र, कारोबार और निवेश सहित कई व्यापक क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता इंडोनेशिया चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड द इंडस्ट्री और भारतीय उद्योग संघ की ओर से आयोजित सीईओ बिजनेस फोरम समेत कुछ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

 

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने यहां के कलीबाता नेशनल हीरोज सिमेट्री में शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए। मोदी ने इंडोनेशियाई एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अपनी तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘‘प्रतिष्ठित कलीबाता हीरोज सिमेट्री में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।’’ दक्षिण जकार्ता में स्थित कलीबाता हीरोज सिमेट्री इंडोनेशिया में शहीद सैनिकों का एक स्मारक है। इसे वर्ष 1953 में बनाया गया था और नवंबर 1954 में खोला गया था। इसी साल पहली बार वहां किसी को दफनाया गया था।

 

कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘ऐसा नहीं हो सकता कि हम इंडोनेशिया की आजादी के संघर्ष में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देना भूल जाएं! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कलीबाता नेशनल हीरोज सिमेट्री में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए।’’ इंडोनेशिया की आजादी की लड़ाई में शहीद हुए सैनिकों समेत उस लड़ाई में भाग लेने वाले 7,000 से अधिक लोगों को इस कब्रगाह में दफनाया गया है। मोदी पूर्वी एशिया के तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में कल इंडोनिशया की राजधानी जकार्ता पहुंचे। इंडोनेशिया की उनकी यात्रा का मकसद दो समुद्री पड़ोसी मित्र देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सामरिक हितों को मजबूती प्रदान करना है।

 

प्रमुख खबरें

इजराइल ने अपना हिसाब चुकता कर लिया, लेकिन युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है: प्रधानमंत्री नेतन्याहू

अमेरिका: बाइडन और हैरिस ने सिनवार की मौत को गाजा में युद्ध समाप्ति के लिए मौका बताया

एलडीएफ ने वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वरिष्ठ भाकपा नेता मोकेरी को मैदान में उतारा

राजग राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने, गरीबों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी