जापान में आयोजित हुई एशियन वॉक रेस चैंपियनशिप के जरिए Paramjit Bisht ने पेरिस ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

By Anoop Prajapati | Jun 28, 2024

उत्तराखंड के चमोली जिले के खिलाड़ी लगातार देश और दुनिया में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। इसी क्रम में जापान में आयोजित हुई एशियन वॉक रेस चैंपियनशिप में 9 वां स्थान पाकर परमजीत बिष्ट ने अगले महीने होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए अपना टिकट कटवा चुके हैं। इससे पहले भी परमजीत बिष्ट कई मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने दिल्ली में आयोजित पहले खेलो इंडिया गेम्स में 5 किमी वॉक रेस में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं, परमजीत बिष्ट के इस उपलब्धि पर चमोली जिले में खुशी की लहर है। उनकी सफलता ने युवाओं को यह संदेश दिया है कि कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ कोई भी अपने सपनों को साकार कर सकता है।


परमजीत का जन्म उत्तराखंड के चमोली जिले की मंडल घाटी के खल्ला गाँव में 3 मार्च 2002 को हुआ था। वे राजकीय इंटर कॉलेज बैरागना के पूर्व छात्र हैं जहाँ उन्हें व्यायाम शिक्षक गोपाल बिष्ट ने प्रशिक्षित किया। वर्तमान में परमजीत खेल कोटे से भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। परमजीत ने अपनी इस उपलब्धि से पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। परमजीत के इस शानदार प्रदर्शन से पूरा देश गौरवान्वित है। उनकी इस सफलता से भारत को 2024 पेरिस ओलंपिक में  एथलेटिक्स में पदक की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। आने वाले समय में परमजीत से देश को और भी बड़ी उपलब्धियों की आशा है। 


स्कूल के दिनों से ही परमजीत का लक्ष्य देश के लिए ओलंपिक में पदक जीतना था। राजकीय इंटर कॉलेज बैरागना के खेल प्रशिक्षक गोपाल बिष्ट बताते हैं कि परमवीर ने वर्ष 2017 से उनके निर्देशन में स्कूल से ही वॉक रेस की तैयारी शुरू कर दी थी। आस-पास कोई उपयुक्त मैदान न होने के कारण उन्होंने गोपेश्वर में किराये का कमरा लेकर तैयारी शुरू कर दी। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के रिकॉर्ड भी परमजीत के नाम पर हैं। परमजीत ने खेलो इंडिया में भी गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा परमजीत ने फेडरेशन द्वारा आयोजित कई प्रतियोगिताओं में भी पदक जीते हैं। 


उन्होंने हांगकांग में आयोजित एशियन यूथ चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीता था। परमजीत बिष्ट लगातार अपने खेल में सुधार करने की कोशिश करते हैं। जापान में आयोजित एशियन रेस वॉकिंग चैंपियनशिप की 20 किमी वॉक रेस में नौवां स्थान हासिल कर परमजीत ने पेरिस  ओलंपिक-2024 और वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। परमजीत सिंह के कोच गोपाल बिष्ट के मुताबिक कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से परमजीत के लिए ओलंपिक का रास्ता खुला। उनका लक्ष्य है कि वह इस बार  ओलंपिक 2024 में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर आएंगे।

प्रमुख खबरें

मराठा आरक्षण रिपोर्ट के खिलाफ याचिकाओं में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग आवश्यक पक्ष: उच्च न्यायालय

‘उच्छृंखल छात्र नेता’ की तरह व्यवहार कर रहे हैं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी: Uma Bharti

भाजपा उम्मीदवार आशीष जनता के सेवक नहीं, उन्होंने 135 करोड़ रुपये के ठेके लिये: Chief Minister Sukhu

UN के एक समूह ने Imran Khan को रिहा करने की मांग की, पाक सरकार ने इसे ‘आतंरिक मुद्दा’ बताया