By अनन्या मिश्रा | Apr 20, 2025
जन्म
मुंबई में 20 अप्रैल 1972 को ममता कुलकर्णी का जन्म हुआ था। एक बार ममता कुलकर्णी ने बताया था कि वह कभी भी फिल्मों में नहीं आना चाहती थीं। लेकिन उन्होंने अपनी मां की मर्जी के आगे मजबूर होकर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था।
फिल्मी करियर
बता दें कि ममता कुलकर्णी ने साल 1992 में आई फिल्म 'तिरंगा' से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। इसके बाद साल 1993 में आई फिल्म 'आशिक आवारा' से ममता कुलकर्णी रातों रात स्टार बन गई थीं। इस फिल्म के लिए एक्ट्रेस को 'लक्स न्यू फेस ऑफ द ईयर' का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था। इसके बाद एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी 'करण अर्जुन', 'सबसे बड़ा खिलाड़ी', 'बाजी', 'चाइना गेट', 'क्रांतिवीर', 'नसीब' और 'वक्त हमारा है' जैसी दर्जनों फिल्मों में अभिनय किया। इस दौरान तक वह बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शुमार हो गई थीं।
विवाद
ममता कुलकर्णी अपने जमाने की सबसे बोल्ड और ग्लैमरस एक्ट्रेस में शामिल थीं। उनका फिल्मी करियर जितना ज्यादा शानदार रहा, एक्ट्रेस की निजी जिंदगी उतना ही विवादों में रही। एक समय ऐसा भी रहा जब ममता पर अंडरवर्ल्ड से संबंध रखने के आरोप लगे। खासतौर जब ममता कुलकर्णी का ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी से कथित रिश्तों की बात सामने आई। हालांकि ममता कुलकर्णी ने इस सभी आरोपों को नकारा और मीडिया से दूरी बना ली।
आध्यात्म की ओर रुख
विवादों और ग्लैमर की दुनिया से दूर हो जाने वाली ममता कुलकर्णी ने अचानक एक नया अवतार लिया। दरअसल, ममता ने सार्वजनिक रूप से खुद को एक साध्वी के रूप में प्रस्तुत किया। माथे पर चंदन का तिलक, शांत चित्त और साध्वी वाले वस्त्रों में ममता कुलकर्णी को देखकर हर कोई हैरान रह गया। एक्ट्रेस ने घोषणा किया कि अब वह आध्यात्म के मार्ग पर हैं और फिल्मी दुनिया से उनका कोई वास्ता नहीं है।