By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 22, 2023
तटीय कोंकण क्षेत्र और गोवा सहित महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 23 नवंबर से 27 नवंबर तक नमी वाली पछुआ हवाओं के कारण हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुंबई और इसके आसपास के जिले कोंकण प्रशासनिक प्रभाग का हिस्सा हैं। पुणे में आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान प्रभाग के प्रमुख अनुपम कश्यपी ने मंगलवार को कहा, ‘‘तेज पछुआ हवाओं के चलते कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश होने की संभावना है।
23 से 27 नवंबर तक इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।’’ उन्होंने कहा कि 24 से 27 नवंबर की अवधि के दौरान, पश्चिमी महाराष्ट्र में स्थित पुणे में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।