Jammu-Kashmir में मुठभेड़ में मारे गये सैन्य अधिकारियों को उपराज्यपाल ने श्रद्धांजलि दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 15, 2023

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेना की 15 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने अनंतनाग जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष ढोंचक को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सिन्हा और लेफ्टिनेंट जनरल घई तथा सेना के अधिकारियों ने यहां बादामीबाग छावनी इलाके में शहीद दो अधिकारियों के पार्थिव शरीर वाले ताबूत पर पुष्पचक्र अर्पित किये।

श्रद्धांजलि देने के बाद उपराज्यपाल सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘‘अनंतनाग में आतंकवाद विरोधी अभियान में सर्वोच्च बलिदान देने वाले मां भारती के वीर सपूतों कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष ढोंचक को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कृतज्ञ राष्ट्र हमेशा इन बहादुरों का ऋणी रहेगा।’’

इससे पहले, अधिकारियों ने बताया कि दोनों दिवंगत सैन्य अधिकारियों के शवों को बाद में उनके गृहनगर ले जाया जाएगा। कर्नल सिंह पंजाब के मोहाली के और मेजर ढोंचक हरियाणा के पानीपत के रहने वाले थे।

अधिकारियों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जायेगा। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग के गडोले जंगलों में बुधवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षा बल के चार जवानों - 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सिंह, मेजर ढोंचक, पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट्ट और एक सैनिक - की मौत हो गयी थी।

प्रमुख खबरें

दोस्त इजरायल के लिए भारत ने कर दिया बड़ा काम, देखते रह गए 193 देश

Nawada Fire: CM Nitish के निर्देश के बाद पुसिल का एक्शन, 16 लोगों को किया गिरफ्तार, पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग

Ukraine पहुंचे भारत के हथियार, रूस हो गया इससे नाराज, विदेश मंत्रालय ने मीडिया रिपोर्ट को बताया भ्रामक

Waqf Board case: आप विधायक अमानतुल्लाह खान की याचिका, दिल्ली हाईकोर्ट ने ईडी से रिपोर्ट मांगी