मालीवाल हमला मामले में भाजपा ने AAP को 'Anti-Woman Party' करार दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 18, 2024

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर स्वाति मालीवाल हमला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार के बचाव में पीड़िता को शर्मसार करने और उन्हें ही दोषी ठहराने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने सहयोगी कुमार को बचाने का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि कुमार उनके ‘रहस्यों’ को उजागर कर उन्हें बेनकाब कर सकते हैं। 


पार्टी पर कटाक्ष करते हुए, पूनावाला ने संवाददाताओं से कहा कि आम आदमी पार्टी मूल रूप से ‘एंटी औरत पार्टी’ (महिला विरोधी पार्टी) है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने के पिछले आरोपों का जिक्र किया। मालीवाल पर भाजपा के इशारे पर काम करने के आप के दावे पर पूनावाला ने पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी की एक अन्य नेता और दिल्ली महिला आयोग की सदस्य वंदना सिंह भी राज्यसभा सदस्य का समर्थन कर रही हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा आम आदमी पार्टी की आलोचना का जिक्र करते हुये पूछा कि क्या लोकसभा सदस्य चौधरी भी भाजपा के एजेंट बन गए हैं। 


मालीवाल की पार्टी ने उनके खिलाफ भाजपा के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाया है। पूनावाला ने मालीवाल प्रकरण की तुलना महाभारत में द्रौपदी चीरहरण मामले से करते हुए कहा कि पार्टी के भ्रष्टाचार और कदाचार के बाद दुष्प्रचार होता है, और यह सत्तारूढ़ दल की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बन गयी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब मालीवाल के चरित्र हनन में जुट गयी है। भाजपा नेता ने दावा किया कि कुमार केवल एक कठपुतली हैं, जिनकी डोर केजरीवाल के हाथों में है। उन्होंने इस मुद्दे पर नहीं बोलने के लिये प्रियंका गांधी वाद्रा, राहुल गांधी एवं प्रियंका चतुर्वेदी जैसी विपक्षी नेताओं पर हमला बोला। 

 

इसे भी पढ़ें: निर्वाचन आयोग ओडिशा में दूसरे चरण के चुनाव में केंद्रीय बलों की 102 कंपनियां तैनात करेगा


मालीवाल के खिलाफ कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर हुई घटना के चार दिन बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नेता ने कहा कि कुमार स्पष्ट रूप से केजरीवाल के इशारे पर काम कर रहे हैं। पूनावाला ने आप पर निशाना साधने के लिए मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट का भी हवाला दिया, जिसमें कथित तौर पर चोट के निशान की पुष्टि की गई है। कुमार को मालीवाल पर कथित हमले के सिलसिले में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रमुख खबरें

इजराइल ने अपना हिसाब चुकता कर लिया, लेकिन युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है: प्रधानमंत्री नेतन्याहू

अमेरिका: बाइडन और हैरिस ने सिनवार की मौत को गाजा में युद्ध समाप्ति के लिए मौका बताया

एलडीएफ ने वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वरिष्ठ भाकपा नेता मोकेरी को मैदान में उतारा

राजग राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने, गरीबों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी