By मिताली जैन | Apr 06, 2025
अगर आपको कॉफ़ी की खुशबू बहुत पसंद है और आप उसे अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाते हैं तो अब आप कॉफी को अपने ब्यूटी रूटीन में भी शामिल करें। जी हां, कॉफी की मदद से कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स खुद घर पर ही बनाए जा सकते हैं। यह सिर्फ सुबह की नींद भगाने के लिए नहीं है, बल्कि ये आपकी स्किन, खासतौर से आपके होंठों के लिए बेहद फायदेमंद है। कॉफी आपके होंठों की डेड स्किन को धीरे से हटाती है, ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाती है, और इससे एक हल्का नेचुरल टिंट भी मिलता है।
अगर आप चाहें तो कॉफी की मदद से लिप बाम बनाकर बेहद आसानी से उसका इस्तेमाल कर सकती हैं। यूं तो बाजार में कई तरह के लिप बाम मिलते हैं, लेकिन कई बार उनमें केमिकल्स ज़्यादा होते हैं या वो फिर वे आपके होंठों पर सूट नहीं करते और आपको इचिंग या जलन का अहसास होता है। तो क्यों न आप खुद ही घर पर एक प्यारा सा, नेचुरल लिप बाम बना लें। इन्हें बनाना बेहद आसान है और आप अपनी पसंद के अनुसार इसे बेहद ही आसानी से कस्टमाइज भी कर सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको घर पर ही कॉफी लिप बाम बनाने के आसान तरीके के बारे में बता रहे हैं-
कॉफी और नारियल तेल लिप बाम
यह लिप बाम रूखे होंठों के लिए एकदम सही माना गया है, क्योंकि नारियल का तेल होंठों को गहराई से मॉइश्चराइज़ करता है। जबकि कॉफी हल्का स्क्रब देती है और रक्त संचार को बढ़ाती है। इसके अलावा, विटामिन ई हीलिंग में मदद करता है।
आवश्यक सामग्री-
1 चम्मच नारियल का तेल
1 चम्मच बीवैक्स
आधा चम्मच पिसी हुई कॉफी
विटामिन ई तेल की कुछ बूंदे
इसे कैसे बनाएं-
सबसे पहले नारियल तेल और बीवैक्स को डबल बॉयलर या माइक्रोवेव में थोड़ी-थोड़ी देर में पिघलाएं।
अब इसमें कॉफी डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसके बाद, इसमें विटामिन ई तेल मिलाएं।
तैयार लिप बाम को एक छोटे कंटेनर में डालें और इसे ठंडा होकर जमने दें।
कॉफी और शहद लिप बाम
यह लिप बाम फटे होंठों को ठीक करने में मददगार साबित हो सकता है। दरअसल, शहद एक एंटी-बैक्टीरियल है और घाव भरने में मदद करता है। वहीं, कॉफी धीरे से एक्सफोलिएट करती है। जबकि जैतून का तेल स्किन को पोषण देता है।
आवश्यक सामग्री-
1 चम्मच जैतून का तेल
आधा चम्मच शहद
आधा चम्मच बीवैक्स
आधा चम्मच इंस्टेंट कॉफी पाउडर या पिसी हुई कॉफी
इसे कैसे बनाएं-
बीवैक्स और जैतून के तेल को एक साथ पिघलाएं।
अब इसमें शहद और कॉफी पाउडर को मिलाएं।
इसे अच्छी तरह से मिलाएं और एक कंटेनर में डालकर जमने दें।
- मिताली जैन