By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 11, 2025
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अहमदाबाद में पार्टी अधिवेशन संपन्न होने के बाद शुक्रवार को पार्टी की गुजरात इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य बदलाव के लिए प्रतीक्षारत है और ऐसे में वे पार्टी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं।
पार्टी का एक-दिवसीय अधिवेशन बीते नौ अप्रैल को अहमदाबाद में संपन्न हुआ जिसमें सरदार पटेल, राजनीतिक मुद्दों और गुजरात को लेकर तीन प्रस्ताव पारित किए गए। पार्टी ने गुजरात से संबंधित प्रस्ताव में तीन दशक बाद राज्य की सत्ता में वापसी का संकल्प लिया है।
खरगे ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘मैं अहमदाबाद एआईसीसी अधिवेशन सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए देश भर के कांग्रेस के साथियों को बधाई और धन्यवाद देता हूं। विशेष तौर पर गुजरात प्रदेश कांग्रेस की टीम को मैं बधाई देता हूं, जिन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों और हमारी सरकार न होने के बावजूद समर्पण के साथ इसे सफल बनाने में रात दिन का श्रम किया। हर कार्यकर्ता को हमारी बधाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कई वर्षों से गुजरात में कांग्रेस विपक्ष में है। फिर भी यह बहुत कामयाब आयोजन रहा। इसका संदेश देश से आए एआईसीसी सदस्य अपने इलाकों में पहुंचाएंगे।’’
खरगे ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, ‘‘इस अधिवेशन को सफल बनाने वाले गुजरात के साथियों को मै कहना चाहूंगा कि आपमें गजब की संगठन क्षमता है। आप घरों से बाहर निकलिए। बदलाव आपकी प्रतीक्षा में है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप कांग्रेस के संदेश को घर-घर पहुंचाएंगे और पार्टी को एक बार फिर नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।