दिग्विजय सिंह का आरोप, शिवराज सरकार दबा रही है किसानों की आवाज

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 30, 2018

जबलपुर। मध्य प्रदेश में एक जून से प्रस्तावित किसानों के 10 दिवसीय आंदोलन से दो दिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा नीत सरकार किसानों की आवाज दबा रही है। कर्ज माफी एवं अपनी उपजों के वाजिब दामों सहित विभिन्न मांगों के लिए किसानों द्वारा राष्ट्रीय किसान महासंघ के नेतृत्व में किये जाने वाले इस आंदोलन को देश के करीब 170 किसान संघों का समर्थन प्राप्त हो चुका है। ओरछा से प्रारंभ होने वाली अपनी ‘समन्वय यात्रा’ के लिए जाते वक्त दिग्विजय ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘मध्य प्रदेश में किसानों की आवाज दबाई जा रही है। मेरे पास सबूत हैं कि किसानों से बांड भरवाये जा रहे हैं।’’ 

प्रदेश में इस साल नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दिग्विजय इस ‘समन्वय यात्रा’ को निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस किसानों के हक में आवाज बुलंद करती रहेगी और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं कर रही है।" दरअसल, मध्य प्रदेश के मंदसौर सहित अन्य जिलों में प्रशासन के द्वारा किसानों को नोटिस देकर उनसे यह बॉन्ड भरवाये जाने की खबरें हैं कि वे आंदोलन में किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं करेंगे। हालांकि किसानों ने इसका विरोध भी किया। खबरों के मुताबिक कई किसानों ने बॉन्ड भरने से यह कहकर इनकार भी किया है कि वे अपराधी नहीं है।

 

इससे प्रदेश में राजनीति गरमा जाने से मध्य प्रदेश के गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कल कहा कि सरकार की तरफ से किसी भी प्रकार के बॉन्ड भरने की इजाजत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी चीजों की जरूरत नहीं है। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंदसौर में किसानों पर पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी की घटना की पहली बरसी पर छह जून को वहां रैली करने जा रहे हैं। पिछले साल छह जून को किसान आंदोलन के दौरान इस गोलीबारी में छह किसानों की मौत हो गई थी। इसी बीच, राष्ट्रीय किसान महासंघ के संयोजक शिवकुमार शर्मा ने भी आरोप लगाया कि एक जून से किसानों के प्रस्तावित आंदोलन के कारण पुलिस किसानों से बांड भरवा रही है।

प्रमुख खबरें

इजराइल ने अपना हिसाब चुकता कर लिया, लेकिन युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है: प्रधानमंत्री नेतन्याहू

अमेरिका: बाइडन और हैरिस ने सिनवार की मौत को गाजा में युद्ध समाप्ति के लिए मौका बताया

एलडीएफ ने वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वरिष्ठ भाकपा नेता मोकेरी को मैदान में उतारा

राजग राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने, गरीबों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी