FIH Awards 2024: हरमनप्रीत सिंह और पीआर श्रीजेश ने जीता प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड

FacebookTwitterWhatsapp

By Kusum | Nov 09, 2024

 FIH Awards 2024: हरमनप्रीत सिंह और पीआर श्रीजेश ने जीता प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश को एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर से नवाजा गया। जहां हरमनप्रीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और श्रीजेश को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर पुरस्कार से पुरस्कृत किया। 

 

हरमनप्रीत और श्रीजेश दोनों को 8 नवंबर यानी शुक्रवार की रात ओमान में 49वीं एफआईएचकांग्रेस के दौरान यह सम्मान मिला। हरमनप्रीत ने शीर्ष पुरस्कार हासिल करने के लिए नीदरलैंड के जोएप डी मोल और थियरी ब्रिंकमैन, जर्मनी के हेंस मुलर और इंग्लैंड के जैक वालेस को पीछे छोड़ा। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेरिस ओलंपिक में सर्वाधिक 10 गोल किए थे। उन्होंने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में गोल करने के अलावा स्पेन के खिलाफ कांस्य पदक के मैच में भारत की तरफ से दोनों गोल किए। 


भारत ने यह मैच 2-1 से जीतकर ओलंपिक में लगातार दूसरी बार पोडियम स्थान हासिल किया। पेरिस ओलंपिक के बाद खेल से संन्यास लेनेवाले श्रीजेश ने गोलकीपर वर्ग में शीर्ष पुरस्कार हासिल करने की दौड़ में नीदरलैंड के पिरमिन ब्लैक, स्पेन के लुइस कैलज़ाडो, जर्मनी के जीन पॉल डेनेबर्ग और अर्जेंटीना के टॉमस सैंटियागो को पीछे छोड़ा। हरमनप्रीत ने इससे पहले 2020-21 और 2021-22 में भी एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता था लेकिन तीसरा सम्मान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे उन्होंने ओलंपिक पदक जीतने के बाद हासिल किया है। 


कप्तान के रूप में यह उनका पहला सम्मान है। हरमनप्रीत ने कहा,‘‘सबसे पहले तो मैं इस सम्मान के लिए एफआईएच का आभार व्यक्त करता हूं। ओलंपिक में पदक जीतकर स्वदेश लौटना शानदार रहा जहां हमारा स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। यह बहुत ही खास एहसास था। मैं यहां पर अपने साथियों का जिक्र करना चाहूंगा। आपके बिना यह कुछ भी संभव नहीं हो पाता।’’ उन्होंने कहा,‘‘मैं हमें हर स्तर पर सफलता हासिल करने का मौका देने के लिए हॉकी इंडिया का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। मेरी पत्नी और बेटी आज यहां हैं और उनके सामने यह पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। इसलिए इसे संभव बनाने वाले सभी लोगों को धन्यवाद।’’ 


ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले श्रीजेश ने भी तीसरी बार वर्ष के सर्वश्रेष्ठगोलकीपर का पुरस्कार हासिल किया। इससे पहले उन्होंने 2020-21 और 2021-22 में यह पुरस्कार जीता था। श्रीजेश ने कहा,‘‘मैं आज बहुत खुश हूं। मेरे खेल करियर के इस आखिरी खेल सम्मान के लिए धन्यवाद। यह पुरस्कार पूरी तरह से मेरी टीम का है, डिफेंस का है जिसने यह सुनिश्चित किया कि ज्यादातर हमले मुझ तक न पहुंचें। यह पुरस्कार मिडफील्डर और फॉरवर्ड का है जिन्होंने मैंने जितने गोल खाए उससे अधिक गोल करके मेरी गलतियों को छुपाया।’’

प्रमुख खबरें

बौखलाए पाकिस्तान ने भारतीय गानों का प्रसारण किया बंद, लाहौर और कराची वायुक्षेत्र में लगाई पाबंदी

IPL 2025 RR vs MI: राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस मुकाबले के लिए इन खिलाड़ियों को मिली प्लेइंग 11 में जगह

इस बार घर में घुस कर बैठ जाना... असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान पर बोला तीखा हमला

पत्नी Anushka Sharma के बर्थडे पर विराट कोहली ने शेयर की रोमांटिक तस्वीर, कैप्शन में लिखी दिल छू लेने वाली बात