भाजपा ने SC के आदेश के बाद मंत्री का मांगा इस्तीफा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 16, 2017

बेंगलुरु। भाजपा ने कर्नाटक के मंत्री के जे जॉर्ज का इस्तीफा मांगते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस उपाधीक्षक की कथित आत्महत्या के मामले में उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई जांच का आदेश दिया है, उपाधीक्षक ने मंत्री और कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उच्चतम न्यायालय ने पांच सितंबर को कर्नाटक पुलिस के उपाधीक्षक एम के गणपति की मौत के मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया था।

शीर्ष अदालत ने कहा था कि इस मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य हैं, जिसे पारदर्शी तरीके से सुलझाने की जरूरत है। कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बी एस येदुयुरप्पा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौर्या सर्किल पर विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे और वे जॉर्ज के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। नेताओं का कहना था कि जॉर्ज के पद पर बने रहने से जांच प्रभावित हो सकता है। लोकसभा सांसद शोभा कारनदलाजे, बी श्रीरामुलु और के ई इश्वरप्पा सहित कई नेताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कोडगु जिले के मदिकेरी में पिछले साल जुलाई में रहस्यमयी हालत में गणपति (51) पंखे से लटके हुए मिले थे। 

 

कथित आत्महत्या से पहले गणपति ने एक स्थानीय टीवी चैनल को एक साक्षात्कार में कहा था कि ‘अगर उन्हें कुछ होता है’ तो उसके जिम्मेदार तत्कालीन गृह मंत्री जॉर्ज और दो अन्य वरिष्ठ अधिकारी ए एम प्रसाद और प्रणब मोहंती होंगे। उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई को इस मामले में तीन महीने के भीतर स्थिति रिपोर्ट दायर करने का भी निर्देश दिया है।