आंध्र क्रिकेट संघ ने Hanuma Vihari को भेजा कारण बताओ नोटिस, ACA पर गंभीर आरोप लगाते हुए छोड़ी थी कप्तानी

Hanuma Vihari
प्रतिरूप फोटो
Social Media

हनुमा विहारी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। दरअसल आंध्र प्रदेश क्रिकेट संघ ने विहारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बता दें कि, विहारी ने प्रदेश संघ पर विवादित ढंग से उन्हें कप्तानी से हटाये जाने का आरोप लगाने के बाद प्रदेश के लिये दोबारा नहीं खेलने की बात कही थी।

आंध्र क्रिकेट संघ ने हनुमा विहारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विहारी ने प्रदेश संघ पर विवादित ढंग से उन्हें कप्तानी से हटाये जाने का आरोप लगाने के बाद प्रदेश के लिये दोबारा नहीं खेलने की बात कही थी। कुछ दिन पहले एसीए की शीर्ष परिषद की बैठक के बाद जारी किये गए नोटिस का विहारी ने जवाब नहीं दिया है।

एसीए के एक अधिकारी ने बताया कि, हमने कुछ दिन पहले उसे नोटिस जारी किया है और जवाब का इंतजार है। उन्होंने आगे कहा कि, हम सिर्फ यह जानना चाहते हैं कि उन्होंने ऐसी प्रतिक्रिया क्यो दी थी। उन्होंने हमसे संपर्क नहीं किया। यह मौका है कि वह अपनी शिकायतें हमारे सामने रखें। हम प्रदेश क्रिकेट के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हैं।

रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में मध्यप्रदेश के खिलाफ आंध्र की हार के बाद विहारी ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि बंगाल के खिलाफ पहले मैच के बाद उनसे कप्तानी छीन ली गई। उस समय उन्होंने हालांकि कहा था कि निजी कारणों से उन्होंने यह फैसला लिया है। इंस्टाग्राम पोस्ट पर विहारी ने लिखा था कि एसीए ने एक स्थानीय नेता के दबाव में ऐसा किया जिसके बेटे ने शिकायत की थी कि कप्तान ने उन्हें डांट लगाई है। वह मैच के दौरान 17वां खिलाड़ी था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़